चंबा। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने स्कूल, कॉलेज और आईटीआई विद्यार्थियों के साथ मिलकर चंबा बस स्टैंड पर डिप्टी इंचार्ज का घेराव किया। विरोध का मुख्य कारण चंबा-साहो-कीड़ी लग्गा रूट की बस का लगातार पांच दिनों से खराब रहना रहा। इस रूट पर चलने वाली सरकारी बस में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी सफर करते हैं, जो दूरदराज़ क्षेत्रों से आते हैं। विद्यार्थियों के पास सरकारी बस पास हैं और कई की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे प्राइवेट बसों में सफर कर सकें। लगातार बस खराब होने की वजह से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। मुकेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने सदर विधायक को भी इस स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने तुरंत डिप्टी इंचार्ज से बात कर छात्रों को भरोसा दिलाया कि सोमवार से उन्हें एक नई बस उपलब्ध करवाई जाएगी। इस पर विद्यार्थियों का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे चक्का जाम करेंगे। हर दिन अपनी जान खतरे में डालकर सफर नहीं कर सकते।