चंबा। ब्राह्राण प्रतिनिधि सभा ने लोकसभा चुनाव में चंबा जिले से ब्राह्मण प्रतिनिधि को मौका देने की वकालत दोनों राष्ट्रीय पार्टियों से की है।
सभा की मासिक बैठक प्रधान अजितेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि 75 वर्षों में सिर्फ एक बार 1957 से 1962 तक चंबा के चतर सिंह बड़ोत्रा को सांसद बनने का मौका मिला था। इसके बाद 61 वर्षों में चंबा के प्रत्याशी को कभी भी न तो राज्य सभा न लोकसभा में उम्मीदवार के रूप में मौका दिया गया है। कहा कि हर बार कांगड़ा के प्रत्याशियों को ही अवसर दिया जाता रहा है। हालांकि, चंबा जिले का सांसद न होने के चलते केंद्र सरकार तक चंबा की जनता की आवाज प्रमुखता से नहीं पहुंचती है। इस कारण चंबा के विकास में उसका भरपूर हिस्सा नहीं मिल पाता है। कहा कि जिला चंबा में आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी, पशुपालन विश्व विद्यालय एवं जड़ी-बूटियों पर आधारित हर्बल शोध संस्थान और हर्बल उद्योग स्थापित करने की आवश्यकता है। पदाधिकारियों ने भाजपा एवं कांग्रेस पार्टियों के जिला व प्रदेश अध्यक्षों से आह्वान किया है कि कांगड़ा- चंबा एवं मंडी- भरमौर संसदीय क्षेत्र के लिए उम्मीदवार चयन करते समय इस बार जिले की पांच विस क्षेत्रों में से किसी ब्राह्राण प्रत्याशी को मौका दें।