चंबा। हिमाचल के साढ़े 19 लाख राशन कार्ड उपभोक्ताओं को सरसों तेल की खरीद के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी। नई टेंडर प्रक्रिया के बाद सरसों तेल के दाम बढ़ गए हैं।
एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड धारकों को अब सरसों तेल के प्रतिलीटर 13 रुपये अधिक चुकाने होंगे। वहीं, आयकर दाता उपभोक्ताओं को 14 रुपये महंगा तेल मिलेगा।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से राशन डिपुओं में तेल का कोटा भेज दिया गया है। कोटे की सप्लाई से उपभोक्ताओं को राहत मिली है, लेकिन दूसरी ओर तेल महंगा होने से उनकी जेब ढीली होने वाली है। पहले एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड धारक उपभोक्ता प्रति लीटर सरसों तेल के लिए 110 रुपये का भुगतान कर रहे थे। अब बीपीएल राशन कार्ड धारकों को 13 रुपये चुकाने होंगे। आयकर दाताओं को 115 की जगह अब 129 रुपये लीटर तेल मिलेगा।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से नियमित अवधि के बाद डिपुओं में उपलब्ध होने वाले राशन के टेंडर करवाए जाते हैं। कई बार खाद्य पदार्थों के दाम कम हो जाते हैं। कई बार इन दामों में बढ़ोतरी हो जाती है। बहरहाल, इस बार सरसों तेल की खरीद के लिए उपभोक्ताओं को अधिक दाम देने होंगे।
—
सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन चंबा के क्षेत्रीय प्रबंधक यशपाल शर्मा ने बताया कि सरसों तेल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। कहा कि सप्लाई भी आना शुरू हो गई है। समस्त डिपुओं में अब सरसों तेल उपलब्ध होगा।
—