नशे में होने की होगी जांच, रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी पुलिस की कार्रवाई
ढकोथ-थला मार्ग पर 200 मीटर नीचे रावी नदी में गिरा था वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ढकोथ-थला मार्ग पर कैंपर दुर्घटना में मारे गए चालक महाशु राम पुत्र अमरो निवासी थला के खून का सैंपल लेकर पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
जांच में पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना के समय चालक ने किसी तरह का नशा किया था या नहीं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के अनुसार हादसा चालक की लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। इस संबंध में पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी भी दर्ज की है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और जांच में किसी तरह की कमी न रहने देने के लिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। इसी के तहत मृतक के खून का सैंपल फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे हुए हादसे में कैंपर सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे रावी नदी में जा गिरा था। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने चालक महाशु राम का शव नदी से निकाला। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि खून के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।