पर्यटन स्थल डलहौजी में डलहौजी विधायक आशा कुमारी से मिल कांग्रेस पार्टी में अपने समर्थकों संग शा?
- फोटो : Chamba
डलहौजी (चंबा)। विधानसभा चुनावों से पहले डलहौजी विधानसभा में भाजपा को जबरदस्त झटका लगा है । डलहौजी भाजपा में सब ठीक नहीं चल रहा। आए दिन यहां भाजपा के पदाधिकारी पार्टी को बाय बाय कर रहे हैं।
रविवार को डलहौजी विधानसभा से संबंध रखने वाले मौजूदा भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के चंबा जिला के उपाध्यक्ष और पूर्व में महासचिव रहे रवि चौभियाल ने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस का दामन थाम लिया है। रवि चौबियाल अपने कई समर्थकों सहित डलहौजी विधानसभा की विधायक आशा कुमारी के समक्ष कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर रवि चौभियाल ने कहा कि डलहौजी विधानसभा के मौजूदा भाजपा नेता डीएस ठाकुर की कार्यशैली से नाराज होकर उन्होंने भाजपा को अलविदा कहा है। कहा कि 2017 में पार्टी के लिए उन्होंने और अन्य युवाओं ने खून पसीना एक किया था, लेकिन, 2017 से ही डलहौजी विधानसभा में कर्मठ कार्यकर्ताओं को लगातार अनदेखा किया गया। उन्होंने कहा कि डलहौजी में भाजपा का कार्यकर्ता हताश, निराश हैं और आने वाले दिनों में डलहौजी भाजपा में दुखी होकर कई निष्ठावान लोग पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल होंगे। गौरतलब है कि अभी हाल में ही डलहौजी विधानसभा से संबंध रखने वाले भाजपा जिला सचिव अशोक बकारिया भी पार्टी छोड़ चुके हैं।