चंबा। बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवाने में असमर्थ रहे जिले के तमाम शिक्षण संस्थानों को विभाग ने एक और मौका दिया है। उच्च शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में तीस दिसंबर को बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवाई जाएगी।
इसमें संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रभारियों को भाग लेना होगा। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने समस्त शिक्षण संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवाना सरकार की ओर से अब अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से मिलने वाली योजनाओं के तहत आवेदन हो सकें और किसी प्रकार की धांधली न हो।
जानकारी के अनुसार जिले के ऐसे स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सहित मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन को बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवानी होगी। हालांकि, जिले के करीब 70 प्रतिशत शिक्षण संस्थानों की बायोमीट्रिक प्रमाणिकता का कार्य पूरा हो चुका है। करीब तीस प्रतिशत शिक्षण संस्थानों ने अभी तक बायोमीट्रिक प्रमाणिकता नहीं करवाई है। इसके लिए विभाग ने अब तीस दिसंबर को विभाग के कार्यालय में बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवाने की व्यवस्था की है। गौरतलब है कि स्कॉलरशिप योजनाओं में धांधली रोकने के लिए सरकार ने यह नई व्यवस्था की है। इसके तहत स्कूल प्रबंधन, स्कॉलरशिप प्रभारियों की प्रमाणिकता होगी और स्कूल प्रभारी को ओटीपी मिलने के बाद ही नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल खुलेगा। इससे स्कॉलरशिप योजनाओं के आबंटन में पारदर्शिता आएगी।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि तीस दिसंबर को कार्यालय में बायोमीट्रिक प्रमाणिकता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रमाणिकता करवाने में असमर्थ रहे स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय में आकर बायोमीट्रिक प्रमाणिकता करवा लें।