संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेल के सालाना समारोह में विद्यार्थियों की एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने हिंदी, पहाड़ी, पंजाबी और हरियाणवी गीतों पर बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य राज कुमार ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विस अध्यक्ष ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेल में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाओं को जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने जीव विज्ञान संकाय की प्रयोगशाला और स्कूल भवन के पांच कमरों के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी पर निराशा जाहिर करते हुए लोगों को पेयजल योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क निर्माण को लेकर समयबद्ध सीमा के भीतर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेल के भवन निर्माण के लिए जल्द बजट की व्यवस्था कर निर्माण कार्य को शुरू करवाया जाएगा। कहा कि नैनीखड्ड से समलेउ संपर्क सड़क के उन्नयन कार्यों के लिए 19 करोड़ की राशि खर्च होगी।
कहा कि विद्युत परियोजना के जलाशय में पर्यटन आधारित गतिविधियों को शुरू किया जाएगा। ग्राम पंचायत बगढ़ार, नागली, चूहन, मेल, तुन्नूहट्टी, बलेरा, ढलोग, जियूंता, मोरनू, बैली, सुदली और नैनीखड्ड के लिए उठाऊ पेयजल योजना का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए दो करोड़ की राशि से सिंचाई योजना तैयार होगी। उन्होंने सिंचाई कूहल के उन्नयन कार्य को जल्द शुरू करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी जारी किए। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वरिष्ठ माध्यमिक और प्राथमिक पाठशाला मेल को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की।