भूरुनाग देवता मंदिर का किया जा रहा कायाकल्प
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत पद्दर स्थित भुरुनाग देवता मंदिर का कायाकल्प किया जा रहा है। देवदार की लकड़ी में मनमोहक नक्काशी बनाई जा रही है। जिला मंडी के शिल्पकार इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। शिल्पकार सोनू भारद्वाज ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार को बनाने के बाद अब मुख्य द्वार के दोनों छोरों पर देवदार की लकड़ी से आकृति उकेरी जा रही है। एक ओर नारायण, दूसरी ओर भोले शंकर की आकृति बनाई गई है। मंदिर के मुख्य द्वार को बनाने में लगभग दो माह से अधिक का समय लग गया। ग्राम पंचायत बनीखेत के प्रधान अरुण राणा ने बताया कि मंदिर के कायाकल्प ओर सौंदर्यीकरण को लेकर शिल्पकार पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं। संवाद
मंगला स्कूल को मिला श्रेष्ठ पाठशाला प्रबंधन समिति का खिताब
मंगला (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगला के स्कूल प्रबंधन समिति को शिक्षा खंड हरदासपुरा में श्रेष्ठ पाठशाला प्रबंधन समिति के खिताब से नवाजा गया। पाठशाला में सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों को स्कूल प्रबंधन समिति के समन्वय के कारण सुचारू रूप से कार्यान्वित करने के लिए श्रेष्ठ पाठशाला प्रबंधन समिति का खिताब हासिल हुआ है। प्रधानाचार्य नरेंद्र भारद्वाज ने एसएमसी सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यह उपलब्धि हासिल की है। पूर्व में भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में ऐसा सम्मान हासिल हो चुका है। यह जानकारी स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय रैणा ने दी। संवाद