आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र जुम्महार को जल्द मिलेगा भवन : नीरज
विधायक नीरज नैय्यर ने तीन संपर्क सड़क मार्गों की रखी आधारशिला
बोले- विस क्षेत्र चंबा के सभी गांवों को सड़क से जोड़ना प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र जुम्महार को जल्द अपना भवन नसीब होगा। पिछड़ा क्षेत्र उपयोजना के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र की सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने रविवार को आधारशिला रखी। आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र जुम्हार के निर्माण कार्य पर 47 लाख रुपये व्यय होंगे। इस स्वास्थ्य केंद्र से लगभग 20 गांव के लोगों को प्रत्यक्ष तौर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक नीरज ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र और समावेशी विकास सुनिश्चित बनाया जा रहा है। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है।
कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का कार्य प्रगति पर है। इसे आगामी वित्तीय वर्ष में पूर्ण कर लोकार्पण कर दिया जाएगा। दोपहर बाद विधायक ने 96 लाख 50 हजार से बनने वाली तीन संपर्क सड़कों का शिलान्यास किया। इनमें 22 लाख 50 हजार से बनने वाली गांव सी के लिए जीप योग्य डेढ़ किलोमीटर सड़क, 27 लाख से बंजल से तली तक जीप योग्य डेढ़ किलोमीटर और 47 लाख से निर्मित होने वाली गांव बडीका को जोड़ने वाली डेढ़ किलोमीटर सड़क शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चंबा में ऐसे कई स्थान हैं, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहां सड़क सुविधा नहीं है। ऐसे क्षेत्रों को सड़क से जोड़ा जाएगा। विधायक ने बजट में प्रदेश सरकार की ओर से घोषित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं का जिक्र भी किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर, महासचिव नरेश राणा, जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा व सहायक अभियंता दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।