गुनियाला में आपदा प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम
डलहौजी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुनियाला में आपदा प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य रमेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ। आपदा प्रबंधन के प्रभारी सुमन देव कश्यप की देख-रेख में मॉकड्रिल करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का पूर्वाभ्यास करवाया गया। मॉक ड्रिल के दौरान झुको, ढको और भागो के मूल मंत्र का पालन करते हुए हूटर की घंटी बजते ही सभी विद्यार्थी सुरक्षित स्थान की ओर भागे। घायलों को असुरक्षित भवन से बाहर निकलकर उन्हें प्राथमिक उपचार के विषय में मूलभूत जानकारी दी गई, जिससे भविष्य में आपदा आने पर जिम्मेदार नागरिक के रूप में वे अपना योगदान समाज को दे सकें। सुमन देव ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को टाला नहीं जा सकता है। आपदा के दौरान एहतियात बरतने से जान और माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वहीं, प्रधानाचार्य रमेश ठाकुर ने छात्रों को आपदा प्रबंधन के महत्व को साझा करते हुए विद्यार्थियों से अपने इर्द-गिर्द के लोगों को भी माक ड्रिल के दौरान प्राकृतिक आपदा से बचाव को लेकर जुटाई जानकारी को साझा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्कूली छात्रों के अलावा समस्त स्टाफ मौजूद रहा। संवाद