चंबा। जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। उपायुक्त ने जिले में मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों की प्रभावी रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों के दुष्प्रभावों की जानकारी और जागरूकता बढ़ाने को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केमिस्ट की दुकानों पर बिकने वाली विशेष श्रेणी की दवाइयों की जानकारी प्रति माह उपलब्ध करवाई जाए। उपायुक्त ने विशेष कर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मादक पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रभावी रोकथाम लगाने के लिए विभाग तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित बना रहा है।