चंबा। शहर में गृहकर सर्वे के लिए निदेशालय ने नगर परिषद चंबा को पत्र भेजा है। इसमें निदेशालय ने जल्द सर्वे करने के लिए कंपनी को भेजने का आश्वासन दिया है।
लंबे समय से शहर के 11 वार्डों में गृहकर सर्वे नहीं हो पाया है। शहरवासियों ने नगर परिषद की ओर से बढ़ाए गए गृहकर का विरोध किया है। साथ ही नए सिरे से सर्वे करवाने की भी मांग की है। अब निदेशालय ने खुद नगर परिषद को सर्वे के लिए कंपनी भेजने को लेकर पत्र भेजा है।
गौरतलब है कि नगर परिषद के तहत पांच हजार मकान मालिक आते हैं। इनसे नगर परिषद गृहकर वसूल करती है। गृहकर को लेकर आखिरी बार सर्वे वर्ष 2018-19 में हुआ था। इसके बाद आज तक सर्वे नहीं हो पाया है। हालांकि, एक बार कंपनी सर्वे करने के लिए तो पहुंची थी, लेकिन किन्हीं कारणों से सर्वे अधर में लटक गया था। इसके बाद नगर परिषद ने ने शहरवासियों का बिना सर्वे के ही गृहकर बढ़ा दिया। इसका लोगों ने विरोध किया। लोगों के आधार पर नप ने निदेशालय को सर्वे करवाने के लिए भेजने का प्रस्ताव भेजा। साथ ही चार लाख रुपये भी एडवांस दिए थे, लेकिन कंपनी के न आने पर नप ने एडवांस दिया पैसा वापस ले लिया और पुरानी दर पर ही गृहकर लेने का निर्णय लिया। अब निदेशालय से पत्र आने के बाद जल्द शहर के सभी वार्डों में सर्वे का काम शुरू होने की उम्मीद है।
उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि निदेशालय से गृहकर सर्वे को लेकर पत्र आया है। उम्मीद है कि निदेशालय की ओर से जल्द सर्वे के लिए कंपनी भेजी जाएगी।