Page No : 5चंबा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन मरीज।संवाद
चंबा। गर्मी का मौसम बढ़ते ही जिला के सरकारी अस्पतालों में उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ना भी शुरू हो गए हैं। चंबा मेडिकल कॉलेज सहित नागरिक अस्पताल तीसा, भरमौर, किहार, चुवाड़ी और किलाड़ में इन मरीजों की संख्या में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। दूषित पानी पीने से लोग उल्टी-दस्त के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर मरीजों को इलाज करने के साथ उन्हें उबला हुआ पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन और शिशु रोग ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिन मरीजों की तबीयत ज्यादा खराब पाई ज रही है उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती भी किया जा रहा है। यही हाल जिला के अन्य नागरिक अस्पतालों में भी देखने को मिल रहा है। गर्मी के मौसम में पानी दूषित होने का खतरा अधिक हो जाता है। ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य विभाग जागरूक करता रहता है कि ऐसे मौसम में बीमारी से बचने के लिए उबले हुए पानी का सेवन करें। इस मौसम में बच्चों के बीमार होने की संभावना सबसे अधिक होती है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विपन ठाकुर ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के कारण उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। मरीजों के इलाज को लेकर अस्पताल में दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। लोगों को भी इन बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।