चंबा। जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कृत्रिम अंग उपकरण देने के लिए परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (अलमिको) मोहाली पंजाब की ओर से लगाए जाएंगे।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 25 सितंबर को जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय करियां, 26 को कार्यालय ग्राम पंचायत भरमौर और 28 सितंबर को आवासीय आयुक्त कार्यालय किलाड़ में शिविर होगा। इसके लिए सुबह 11:00 बजे समय तय किया गया है। शिविर में दिव्यांग जनों और वरिष्ठ नागरिकों को व्हील चेयर, साइकिल, ट्राई साइकिल आदि उपकरण निशुल्क दिए जाएंगे। 40 प्रतिशत या इससे अधिक विकलांगता वाले दिव्यांगजन शिविर का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें यूडीआईडी की छायाप्रति एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। यह जिला मेडिकल वार्ड, मुख्य चिकित्सा अधिकारी या सक्षम प्राधिकृत अधिकारी की ओर से जारी किया गया हो।
तीन पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ आय प्रमाण पत्र भी देना होगा। यह नियोक्ता, पंचायत प्रधान, तहसीलदार और सक्षम प्राधिकृत अधिकारी की ओर से जारी किया गया हो। मासिक आय अधिकतम 22 हजार 500 रुपये होनी चाहिए। जिनका यूडीआईडी कार्ड नहीं बना हो वे अपना यूडीआईडी कार्ड स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से http://www.swavlambancard.gov.in/pwd/application वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन करके बनवा सकते हैं।
60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक शिविर में तहसीलदार या अन्य अधिकारी से प्रमाणित आय प्रमाण लेकर आएं। मासिक आय अधिकतम 15 हजार रुपये होनी चाहिए। अधिक जानकारी के लिए जिला दूरभाष नंबर 82194-68274, 96255-38919 और पांगी के लिए 94185-52109, 85806-85509, 83528-44397 पर संपर्क कर सकते हैं।