चंबा। शकीनी कपूर ने प्रभारी के रूप में शुक्रवार को चंबा सदर थाना में कार्यभार संभाला है। इससे पहले शकीनी कपूर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सुरक्षा के लिए तैनात टीम में सुरक्षा प्रभारी का दायित्व ढाई वर्ष भली-भांति निभा चुके हैं। दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला के साथ थाना प्रभारी चंबा का कार्यभार संभालने के बाद रूबरू होते हुए शकीनी कपूर ने बताया कि वे पहले भी चंबा में सेवाएं दे चुके हैं। कहा कि उनका मुख्य मकसद कानून व्यवस्था बनाए रखना और गरीबों को न्याय दिलवाना ही रहेगी। चंबा थाना में बतौर सब इंस्पेक्टर शकीनी कपूर ने दो वर्ष सेवाएं दी हैं। इसके बाद उनका तबादला थर्ड बटालियन पंडोह में हुआ, जहां पर एक वर्ष तैनात रहने के बाद उनकी सेवाओं को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सुरक्षा के लिए तैनात टीम में सुरक्षा प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। अब उनका तबादला थाना प्रभारी चंबा के रूप में हुआ है। बताया कि उनके पिता जगदीश चंद भेड़पालक और माता वृत्या देवी गृहणी हैं। माता-पिता की कड़ी मेहनत और परिश्रम का ही फल है कि आज वे थाना प्रभारी के रूप में तैनात हुए हैं।