बोले- मृतक सोनू ने देखा था गांव को सड़क से जोड़ने का सपना
फौजी भाई ने ग्रामीणों को साथ लेकर शुरू किया सड़क का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। बरौर पंचायत के छमैरी नाले के पास बीते दिनों सोनू का शव मिलने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि मृतक सोनू गांव में सड़क पहुंचाने का सपना देखते थे लेकिन कई लोगों को यह मंजूर नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया है कि इसी वजह से आरोपियों ने सोनू की जान ले ली। सोनू के बड़े भाई फौजी अनिल ने अब अपने भाई का सपना पूरा करने की ठानी है। उन्होंने करीब 50 ग्रामीणों को इकट्ठा किया और खुद सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया है। यह सड़क अदरालू से सेर तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी होगी। अनिल का कहना है कि उनका भाई हमेशा गांव में विकास के लिए प्रयासरत रहता था और अगर पंचायत बिना किसी विवाद के सड़क बना देती तो शायद उनके भाई की हत्या नहीं होती और आज वह उनके साथ होते। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, वह अपने भाई का सपना पूरा करेंगे।