चुवाड़ी (चंबा)। बाल विकास परियोजना कार्यालय चुवाड़ी के तहत चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 20 सहायिकाओं के पद भरे जाएंगे। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि सात अप्रैल निर्धारित की गई है। आंगनबाड़ी केंद्र साहला, काथला, धामग्राम, मतिहार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और कलहेतर बनोली, कथयाडी छौन्टलू नरवाडी, नडीनाल, बकलोह कैन्ट धारणा खरेडा, मुराडी, चलेरा वासा, गोरत, साहला द्रमण अंगरेड छांव पुरखडा, अनाई, मैहली और तलारा में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा आंगनवाडी केंद्र बकलोह कैंट में क्रेच कार्यकर्ता और सहायिका के पद के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मवीर ने दी। उन्होंने बताया कि पात्र महिलाएं सात अप्रैल तक आवेदन जमा करवा सकती हैं। इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र है जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित सर्वे क्षेत्र (फीडिंग ऐरिया) में सामान्य रूप से रह रहे परिवार से संबंध रखती हो। उम्मीदवार की आयु आवेदन करने की अंतिम तिथि को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/बोर्ड से जमा दो पास होनी चाहिए। उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार/तहसीलदार/एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की ओर से जारी प्रति हस्ताक्षरित किया होना चाहिए। दस्तावेजों का सत्यापन एवं साक्षात्कार 16 अप्रैल 2026 को कार्यालय बाल विकास परियोजना चुवाड़ी में किए जाएंगे।