चंबा। पनिहार में नहाते समय पांव फिसलने से गिरे बुजुर्ग की अजय चौणा (62) पुत्र देवी चंद निवासी मोहल्ला तत्वानी, सुल्तानपुर की मौत हो गई। रविवार शाम के समय जब वह शहर के साथ लगते तत्वानी शिव मंदिर के पास पनिहार में नहा रहे थे तो इसी दौरान पांव फिसलने से गिरकर उन्हें गंभीर चोट लग गई। वहां से उन्हें उपचार के लिए चंबा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद कोई सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस के जरिये उन्हें टांडा लेकर रवाना हो गए। इससे पहले कि वह टांडा में उनका उपचार करवा पाते, बीच रास्ते में उन्होंने अपना दम तोड़ दिया। शव को वापस चंबा लाया गया। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि नहाते समय गिरने से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस इसमें आगामी जांच प्रक्रिया को पूरा कर रही है।