चंबा। ग्राम पंचायत समोट के स्थानीय निवासियों ने गोशाला के नाम पर गड़बड़ी की शिकायत खंड विकास अधिकारी भटियात से की है। इसमें उन्होंने शिकायत की है कि पंचायत ने उस व्यक्ति को गोशाला के लिए धनराशि स्वीकृत की है जिसके पास पहले से गोशाला मौजूद है। शिकायतकर्ता नरैण सिंह और परमजीत सिंह ने बताया कि पंचायत में कई ऐसे लोग हैं जिनके पास गोशाला नहीं है। पंचायत की ओर से ऐसे लोगों को दरकिनार करके उन लोगों को पैसा स्वीकृत किया जा रहा है जिनके पास पहले से गोशाला बनी है।
इसको लेकर उन्होंने सीएम संकल्प हेल्पलाइन में भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच करने की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पंचायत प्रधान ज्योतिका मेहरा ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने लिखित में खंड विकास अधिकारी को अवगत करवा दिया है। वहीं खंड विकास अधिकारी भटियात सुभाष अत्री ने बताया कि उनके पास इस मामले को लेकर शिकायत पहुंची है। इसकी जांच करने के लिए उन्होंने पंचायत निरीक्षक और पंचायत कनिष्ठ अभियंता को निर्देश जारी कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।