चंबा। स्वास्थ्य विभाग में एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी कर नौकरी हथियाने का आरोप लगा है। नौकरी के दौरान पांचवीं कक्षा का प्रमाण पत्र जमा करवाना अनिवार्य था, लेकिन व्यक्ति ने प्रधान और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर नौकरी हासिल कर ली। आरोपी अब सेवानिवृत्त भी हो चुका है।
उधर, धोखाधड़ी को लेकर जडेरा पंचायत के पूर्व प्रधान विजय कुमार ने पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही धोखाधड़ी से नौकरी हथियाने के मामले में पुलिस से गंभीरता से जांच करने की मांग की है। पूर्व प्रधान विजय कुमार ने बताया कि प्यार मोहम्मद ने जिस स्कूल से प्राथमिक कक्षा की पढ़ाई करने के लिए दाखिला लिया था, उस स्कूल से जब उन्होंने आरटीआई के जरिये सूचना मांगी तो उन्हें जानकारी दी गई कि आरोपी ने प्राथमिक पाठशाला में दाखिला तो करवाया था, लेकिन उसकी पढ़ाई या प्रमाण पत्र को लेकर कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। इसके बाद बिना स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट लेकर आरोपी ने दूसरे स्कूल में छठी कक्षा में दाखिला लिया। यहां पर उनके बार-बार फेल होने का रिकॉर्ड दर्ज है।
इसके बाद आरोपी ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी हासिल की। नौकरी के लिए जो स्कूली प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होते हैं। ऐसे प्रमाण पत्र आरोपी ने नौकरी के दौरान जमा नहीं करवाए। इसको लेकर जानकारी उन्हें आरटीआई के जरिये स्वास्थ्य विभाग से मिली है। कहा कि आरोपी स्वास्थ्य विभाग में धोखाधड़ी से नौकरी लेेकर सेवानिवृत भी हो चुका है। इस मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने पुलिस विभाग को जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध करवा दिए हैं। एफआईआर दर्ज होने के उपरांत पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है।