प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी रेड अलर्ट के बीच उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान मंगलवार को बंद रहेंगे।
उपमंडल अधिकारी अमनदीप सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत उपमंडल के सभी सरकारी और निजी विद्यालय, महाविद्यालय, निजी शिक्षण संस्थान, आईटीआई और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़, पेड़ गिरने, पत्थर गिरने, सड़कें अवरुद्ध होने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी मौसम विज्ञान केंद्र और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोग जरूरी होने पर ही पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें। यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन और बीआरओ की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय, पुलिस थाना या आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सूचना दें।