फिर बेनतीजा रही कांग्रेस समर्थित पार्षदों के साथ बैठक
नहीं थम रहा विवाद, नप अध्यक्ष ने रखी विकास कार्यों की सूची, पार्षद बोले- नहीं किए गए काम
अध्यक्ष का लिखित में देने से इनकार, कांग्रेस पार्षदाें का आरोप, रोजाना बदले जा रहे आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद चंबा और कांग्रेस समर्थित पार्षदों के बीच चल रहा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को आयोजित बैठक एक बार फिर बेनतीजा रही। हालांकि, नगर परिषद अध्यक्ष ने बैठक के दौरान इन वार्डाें में हुए कार्याें की सूची भी सम्मुख रखने का प्रयास किया, मगर कांग्रेस समर्थित पार्षद अपने वार्डाें में काम न होने की बात कहते रहे। बहरहाल, अब नगर परिषद ने विभिन्न कार्याें के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है और औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया है। अध्यक्ष ने निविदाओं को लेकर लिखित देने से इनकार किया है।
कांग्रेस समर्थित पार्षदों में खालिद मिर्जा, अंजू देवी, सीमा कुमारी सहित उर्मिला ने नगर परिषद पर आरोप लगाया है कि वे अपने दिए गए आश्वासनों को दिन-प्रतिदिन बदल रहे हैं। बताया कि उनके वार्डाें में विकास कार्य ठप पड़े हैं। काम न होने के कारण वार्ड वासी उन्हें दोषी मान रहे हैं। वार्डाें में रास्ते खस्ताहाल हैं। स्ट्रीट लाइटों का भी अभाव है। वार्डवासी शाम के समय ठोकरें खाने पर मजबूर हैं। परिषद की ओर से इन मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। लोगों की मांगों को लेकर ही वे प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह में नगर परिषद कार्यालय के बाहर कांग्रेसी पार्षद धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि जो निविदाएं हैं, वे नहीं खुलेंगी। कहा कि इस बारे प्रशासन ने भी आदेश जारी किए हैं। कहा कि लिखित भी इस मामले को लेकर नहीं दिया जा सकता है।