वांगल-भलेई मार्ग पर 11 दिन पूर्व हुई थी कार दुर्घटनाग्रस्त
चंबा। वांगल-भलेई मार्ग पर 11 दिन पूर्व हुई कार दुर्घटना में पिता की मौत के बाद अब गर्भवती बेटी ने भी जख्मों का ताव न सहते हुए पीजीआई में दम तोड़ दिया है। सूचना मिलने के बाद खैरी पुलिस थाना से टीम वीरवार को पीजीआई रवाना हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चिकित्सीय देखरेख में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। गौरतलब है कि वांगल-भलेई मार्ग पर 11 दिन पहले कार (आल्टो) दुर्घटना में तीन लोग चोटिल हो गए थे। घायलों की पहचान चीना पत्नी परवेज गांव चबडु डाकघर ओहरा सलूणी, खेर मोहम्मद पुत्र अहमद दीन गांव थल्ली चुराह और चाहत पुत्री परवेज गांव चबडु डाकघर ओहरा के रूप में हुई है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। टांडा में खेर मोहम्मद की हालत नासाज होने पर उन्हें और उनकी बेटी चीना को पीजीआई रेफर कर दिया गया था। यहां पर जख्मों का ताव न सहते हुए खेर मोहम्मद ने दम तोड़ दिया था। उसके बाद वीरवार की सुबह चीना ने भी पीजीआई में दम तोड़ दिया। डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।