चंबा। सनातन धर्म सभा चंबा के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रदेश में विशेष समुदाय की ओर से किए जा रहे धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर जिले में शांति बनाए रखने के लिए उचित प्रयास किए जाएं।
बताया कि प्रशासन की ओर से अनजान लोगों पर नजर रखी जाए। उनकी जानकारी भी अपने पास सुरक्षित की जाए, जिससे जिले में किसी तरह से भी माहौल खराब न हो। रविवार को आयोजित बैठक में पदाधिकारियों ने इस मामले को लेकर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सुरेश कश्मीरी ने की। बैठक में मणिमहेश यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। बैठक में सभा के सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। कश्मीरी ने कहा कि इन दिनों काफी संख्या में लोग सभा से जुड़ रहे हैं। बैठक के दौरान खरगट स्कूल के प्रवक्ता सुनील कुमार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलने पर उन्हें बधाई दी। बताया कि जिला में पिछले पांच साल से जिले के तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिले हैं। इससे जिले की नई पहचान प्रदेश और देश में बनी है। श्रीराम लीला क्लब के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में नरेश महाजन, राजेश महाजन, धीरज वैद्य, संजीव पुरी, स्वप्न महाजन, आकाश महाजन, अंकित महाजन और मदन लाल दयोड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।