चंबा। समाज में नशे के दुरुपयोग का प्रचलन गंभीर चिंता का विषय है। इस वजह से युवा पीढ़ी दिशाहीन हो रही है। यह बात स्वास्थ्य विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वैभवी गुरुंग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहलड़ी में नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं तस्करी के खिलाफ आयोजित जागरूकता शिविर में कही।
उन्होंने कहा कि शराब, तंबाकू, चरस, कोकीन या चिट्टा जैसी नशीली चीजों का नशा शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाता है। इससे चोरी, डकैती, हिंसा, सुसाइड एवं अन्य अपराध के मामले बढ़ रहे हैं। युवा अपने साथियों के दबाव, देखा-देखी या तनाव में नशे का सेवन न करें। नशे से बचने के लिए खुद को सक्रिय रखें। खेलकूद जैसी गतिविधि में भाग लेते रहें। पौष्टिक आहार खाएं, योग करें, व्यायाम करें। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पढ़ाई पर ध्यान दें।
इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। भाषण में कनिका ने पहला, सुमित ने दूसरा और सक्षम ने तीसरा स्थान पाया। पोस्टर मेकिंग में निहारिका ने प्रथम, मानवी ने द्वितीय और आव्या शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सलोगन लेखन में सिमरन ने प्रथम, रिया ने द्वितीय और अवंतिका ने तृतीय स्थान पाया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग चंबा से स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला ठाकुर, बीसीसी कोऑर्डिनेटर दीपक जोशी और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।