सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों के टायरों की चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसको लेकर टैक्सी यूनियन ने उपमंडल अधिकारी सलूणी को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने मांग की कि गाड़ियों के टायर चोरी हो रहे हैं लेकिन चोरी करने वालों का अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। यूनियन के सदस्य राकेश कुमार, रविंद्र कुमार, धर्मेश कुमार, विजय कुमार, विपिन कुमार और अनिल कुमार ने बताया कि पहले टायरों की चोरी की जा रही थी और अब गाड़ियों की चोरी भी शुरू हो गई है।
इससे वाहन मालिकों को भारी नुकसान हो रहा है। चोरी को लेकर पुलिस चौकी सलूणी में शिकायत भी दर्ज है लेकिन अभी तक चोरी करने वालों का पता नहीं चल पाया है। कहा कि रात को पुलिस की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए जिससे रात को चोरी की घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ा जा सके। उपमंडल अधिकारी डॉ. स्वाती गुप्ता ने बताया कि इस दिशा में पुलिस विभाग को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे।