चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में ठेकेदार के अधीन काम करने वाले सफाई कर्मचारियों ने 5 से 10 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। रविवार को सफाई कर्मचारियों ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्या को अपने ठेकेदार के समक्ष रखा। साथ ही पैसे वसूलने को लेकर पूछा, जिसको लेकर ठेकेदार ने अनभिज्ञता जताई। महिला सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार के सुपरवाइजर विक्की ने उनसे ये पैसे वसूले हैं। सफाई कर्मी पूजा, बीना, बेबी, उषा, तारा, रतो, इंदू और रीता ने बताया कि दो साल से वे ठेकेदार के अधीन कार्य कर रही हैं लेकिन, अभी तक उनका ईपीएफ तक नहीं काटा गया है। पिछले साल उन्हें बताया गया कि उनकी कंपनी का ठेका खत्म हो चुका है। अब दूसरी कंपनी सफाई का ठेका लेने वाली है। जो भी अपनी नौकरी पक्की करवाना चाहता है तो वह दस हजार रुपये जमा करवा दे। अपनी नौकरी बचाने के लिए महिला सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार के सुपरवाइजर को पैसे दे दिए। इसकी उन्हें कोई रसीद भी नहीं दी गई। अब ठेकेदार और सुपरवाइजर दोनों पैसे लेने की बात से मुकर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन व मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि उनके पैसे उन्हें वापस करवाए जाएं। प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई भी जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी जुटाकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के प्रधान राजेंद्र राजू ने बताया कि जल्द इस समस्या काे लेकर प्रशासन से मुलाकात की जाएगी।