चंबा के एनएचपीसी हेलिपेड पर एयर लिफ्ट किए युवक को हेलिकॉप्टर से उतारते लोग।संवाद
चंबा। क्वांरसी नागडल में ट्रेकिंग पर गए राहुल कुमार पुत्र जीत सिंह निवासी वसोधन, रठियार की मौत हो गई। सात दिन से वह तबीयत खराब होने के कारण नागडल में फंसा था। जहां पशुपालक उसकी देखरेख करने का प्रयास कर रहे थे। वहां से उसे निकालने के लिए रेस्क्यू दल रवाना हुआ। मंगलवार को दल ने उसे होली पहुंचाया। जहां से उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, लेकिन बुधवार सुबह उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। ऐसे में प्रशासन ने उसे एयरलिफ्ट कर चंबा पहुंचाया। एनएचपीसी हेलीपैड में उतारने के बाद उसे बेसुध हालत में मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एडीएम कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि युवक को एयरलिफ्ट करके चंबा पहुंचाने की व्यवस्था कर दी गई थी, लेकिन अस्पताल पहुंचाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।