तेलका (चंबा)। सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत नड्डल के गांव डुगली में रविवार सुबह भारी बारिश के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय निवासी निर्मला देवी (22) पत्नी सोनू खेत में सब्जियां लेने गई थीं। अचानक तेज बारिश से खेतों में पानी का बहाव बढ़ गया और वह उसमें बह गईं। घटना के समय गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन निर्मला देवी का कहीं पता नहीं चला। परिवारजन देर शाम तक तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही थाना खैरी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमें भी तलाशी में जुटी हुई हैं।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल मदद व राहत देने की मांग की है।