तंबोला, बेबी शो और डॉग शो होंगी आषाढ़ नाग मेले के मुख्य आकर्षण
एसडीएम कार्यालय में आषाढ़ नाग मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। आषाढ़ नाग मेले की तैयारी को लेकर शुक्रवार को स्थानीय एसडीएम कार्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने की।
बैठक में पद्दर मैदान बनीखेत में 21 से 24 जून तक होने वाले जिला स्तरीय मेले को सफल बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया कि मेले की भव्य शोभायात्रा नाग मंदिर बनीखेत से शुरू होकर बस अड्डे तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा में स्कूली बच्चे हिमाचली परिधानों में और एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स भी शोभायात्रा की शान बढ़ाएंगे। इसके लिए सरकारी और निजी स्कूलों का सहयोग लिया जाएगा। पहली बार 3 नए इवेंट इस मेले में आयोजित किए जाएंगे ( इनमें तंबोला, बेबी शो और डॉग शो का आयोजन होगा। अनिल भारद्वाज ने बताया कि तीनों में आकर्षक इनाम रखे जाएंगे। लकी ड्रा भी निकाला जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के स्थानीय कलाकारों को कल्चर नाइट में परफॉर्म करने का ज्यादा मौका मिलेगा। उत्सव की एक रात स्टार नाइट के नाम होगी। इसमें विख्यात गायक प्रस्तुति देंगे। बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। हर दुकानदार को अपनी दुकान पर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। मेले में साफ-सफाई का विशेष प्रबंध किया जाएगा। गंदगी करने वालों पर कार्रवाई होगी। मेले के दौरान बड़े व्यावसायिक, मालवाहक वाहनों की एंट्री को लेकर रूपरेखा बनाई गई जिससे जाम की स्थिति न बने। बैठक में व्यापार मंडल बनीखेत के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नाग मंदिर सोसायटी, प्रेस क्लब के सदस्य, बनीखेत यूथ क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत, वरिष्ठ नागरिक सुनील राणा, सुरजीत अरोरा, नवीन शर्मा, परमजीत सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी, स्कूलों के प्रिंसिपल और प्रतिनिधि मौजूद रहे।