चनेड़ (चंबा)। पंचायत सरू की प्रधान वीना देवी ने पंचायत क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि पंचायत क्षेत्र में चिट्टा (नशीले पदार्थ) की खरीद-फरोख्त से संबंधित पुख्ता एवं गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति को 5,100 का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रधान वीना देवी ने सभी पंचायतवासियों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और पंचायत को नशा मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता नशा मुक्त पंचायत का निर्माण करना है। इसके साथ ही पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं सहित सभी विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। संवाद