चंबा। शहर के मुगला मोहल्ला में शिव मंदिर के सामने नगर परिषद के सफाई ठेकेदार गला-सड़ा कूड़ा जमा कर रहे हैं। इससे आसपास के लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी सुनील कुमार, दीपक, सुरेंद्र, विश्वनाथ, सूरज, मनीष कुमार और योगराज ने बताया कि रिहायशी बस्ती के बीच में कूड़े का ढेर लगाना चिंता का विषय है। समय रहते इस गंदगी को यहां से हटाया नहीं गया तो आने वाले समय में इसके बुरे परिणाम भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय लोगों को इस समस्या से निजात दिलाई जाए। उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि इस संबंध में सफाई ठेकेदार से पूछताछ की जाएगी।