चंबा। खुद को एयरटेल का कर्मचारी बताकर पहले व्यक्ति की सिम एक्टिवेशन के नाम पर बंद कर दी। इसके बाद उसके बैंक खाते से 2.14 लाख रुपये उड़ा लिए।
इसका पता व्यक्ति को उस समय लगा, जब उसने बंद सिम को चलाने के लिए डुप्लीकेट सिम ली। इसे मोबाइल में डालते ही बैंक से पैसे निकलने के मेसेज आना शुरू हो गए। इसको लेकर व्यक्ति ने वीरवार को संबंधित बैंक और पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवा दी है। रजेरा पंचायत के थलोल गांव के रहने वाले अंबिका प्रसाद ने बताया कि 13 जुलाई को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। उसने खुद को नामी मोबाइल कंपनी का कर्मचारी बताया। उनसे कहा कि उनकी सिम को एक्टिवेट किया जा रहा है। इसके चलते उनकी सिम 24 घंटे के लिए बंद रखी जाएगी। इसको लेकर वह चिंता न करें। हालांकि, उनसे किसी प्रकार का कोई ओटीपी भी नहीं लिया गया। उनके फोन पर बात करने के बाद सिम बंद हो गई। यह 17 जुलाई तक नहीं चली। इसके बाद उन्होंने कंपनी के कार्यालय में जाकर अपने नंबर की डुप्लीकेट सिम ली। इसे मोबाइल में डालते ही उन्हें पैसे निकलने के मेसेज आना शुरू हो गए। इसको लेकर जब वह बैंक शाखा में गए तो वहां उन्हें बताया गया कि उनके खाते से पैसे निकल चुके हैं। इसके बाद वह साइबर क्राइम सेल में शिकायत लेकर पहुंचे। यहां उनकी शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।