पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र की पंचायत साच के घिसल गांव में एक व्यक्ति की ढांक में गिरने से मौत हो गई। घटना बीती शनिवार देर शाम की है।
52 वर्षीय गिरधारी लाल पुत्र कर्म दास निवासी घिसल डाकघर साच तहसील पांगी घर जाते समय पांव फिसलने से बदरूड ढांक में जा गिरे। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। करीब 11 बजे उनका शव ढांक से बरामद हुआ। पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल किलाड़ में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद