चंबाचौगान में बने डोम में औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासन की टीम।संवाद
चंबा। चौगान मैदान में लगे पंडाल में लोगों की आवाजाही के लिए बने रास्तों की व्यवस्था जांचने के लिए तह बाजारी कमेटी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल के कुछ रास्तों में दुकानदारों ने सामान सजा रखा था। इसे हटाने के लिए निरीक्षण करने वाली टीम ने सख्त निर्देश दिए।
हालांकि, पंडाल में अन्य रास्ते तय मापदंडों के अनुसार दस फीट चौड़े मिले। पंडाल लगाने वाले ठेकेदार को प्रशासन की टीम ने यह भी हिदायत दी कि रास्तों की चौड़ाई के साथ किसी प्रकार का समझौता न करें। ठेकेदार ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि रास्तों में किसी भी दुकानदार को सामान नहीं सजाने दिया जाएगा। जो दुकानदार रास्तों में सामान सजाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पिछले साल पंडाल में रास्ते काफी तंग थे। इस वजह से लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही थी। इस बार प्रशासन ने ठेकेदार को पंडाल बनाने से पहले ही खुले रास्ते बनाने के निर्देश दिए थे। मौजूदा समय में लोगों को पंडाल में आवाजाही करते समय भीड़ होने के चलते परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। प्रशासन की तरफ से तह बाजारी कमेटी रोजाना रास्तों की जांच के लिए डोम का औचक निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में टीम ने बीते रविवार को पंडाल का निरीक्षण किया। सोमवार को भी पंडाल में बने सभी रास्तों की चौड़ाई को लेकर जांच की गई। इस दौरान सिर्फ दो रास्तों में सामान रखा हुआ मिला। इसे वहां से हटा दिया गया। मेले के दौरान लोगों को भीड़ की वजह से आवाजाही करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रोजाना प्रशासन टीमें भेजकर चौगान में लगी अस्थायी मार्केट का रोजाना औचक निरीक्षण करवा रहा है।
एसडीएम चंबा अरुण शर्मा ने बताया कि पंडाल में बने रास्तों का रोजाना निरीक्षण किया जा रहा है। कुछ जगह सामान रखा था, उसे वहां से हटा दिया गया है। अन्य रास्ते दस फीट की चौड़ाई के साथ बने हैं। यहां लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।