चंबा। जिले में भले ही पीएम के निर्देशों पर सफाई अभियान चला हो, लेकिन कुछ दिन बाद इस अभियान की हवा निकलती नजर आ रही है। शहर के सभी मोहल्लों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। मोहल्लाें में रास्ते किनारे लगाए गए कूड़ेदान काफी छोटे हैं। साथ ही उसमें मोहल्ले का सारा कूड़ा जमा नहीं हो पाता है। इसके कारण सारा कूड़ा रास्तों के बीच में ही फैल रहा है। स्थानीय निवासी अजय कुमार, किशोर, धर्मपाल, राकेश, चंद राम, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, संजीव कुमार, धर्म चंद व राजेश ने बताया कि शहर के सभी मोहल्लों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि नप व प्रशासन द्वारा कुछ समय पूर्व स्वच्छता अभियान चलाया गया था। उसके बाद मोहल्लों में एक बार भी सफाई अभियान नहीं चलाया गया। उन्होंने कहा कि शहर में नप की ओर से मोहल्लों में कूड़ेदान की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। कूड़ेदान तो लगा दिए, लेकिन वे इतने छोटे हैं कि उनमें बहुत कम कूड़ा आता है। इसके कारण कूड़ा रास्ते में फैल रहा है। उन्होंने कहा कि रास्ते में कूड़ा फैलने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के ढेर से इतनी बदबू फैली रहती है कि वहां से गुजरना लोगों को मुश्किल हो जाता है। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि मोहल्ले में बड़े-बड़े कूड़ेदान लगाए जाएं। साथ ही समय-समय पर कूड़ा उठवाया जाए।