चंबा। शौचालय का निर्माण न करने वालों की सूचना देने वालों को भी अब डीआरडीए पुरस्कार से सम्मानित करेगा। साथ ही सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। मंगलवार को चंबा में निर्मल भारत अभियान की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें यह बात रखी जाएगी। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एम सुधा देवी ने की। इस दौरान उपायुक्त एम सुधा देवी ने युवाओं से आह्वान किया है कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अग्रणी भूमिका अदा करें। इस अभियान को व्यवहारिक रूप से आम जनमानस तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जिला में अब तक करीब 15 हजार शौचालयों का निर्माण होना बाकी है। इस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने के लिए लोगों की सोच को बदलने की जरूरत है। खुले में शौच की वजह से प्राकृतिक पेयजल स्रोत दूषित हो रहे हैं। बैठक के दौरान उप निदेशक एवं परियोजना अधिकारी राम्या चौहान ने कहा कि जिन लोगों ने शौचालय का निर्माण नहीं करवाया है, उन परिवारों के नाम बताने वालों को भी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। महिला मंडल व युवक मंडल ग्रामीण इलाकों में स्कूलों में बने शौचालयों का निरीक्षण करें और इसकी रिपोर्ट विभाग को दें। विभाग तत्काल संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाएगा। इसके चलते जिला कार्यक्रम अधिकारी विरेंद्र आर्य, जिला स्वास्थ्य व जनसूचना अधिकारी हरीश शर्मा ने भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में बीडीओ चंबा मोहन शर्मा, सहायक परियोजना अधिकारी महिला सोनम मेहता व ऊषा कुमारी मौजूद थी।