चंबा। राजकीय प्राथमिक सहायक अध्यापक संघ की बैठक का आयोजन प्रधान बृजभूषण की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी के आदेशों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। संघ के महासचिव सुरिंद्र कुमार ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी के अनुसार एनआईओएस के तहत दो वर्षों के प्रशिक्षण में आने वाले सहायक अध्यापकों का प्रशिक्षण 15 जुलाई से 20 जुलाई के मध्य में शुरू हो सकता है। विभाग को इस बात को लेकर मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है कि कितने अध्यापक दो वर्ष के प्रशिक्षण के तहत आएंगे और कितने छह माह के प्रशिक्षण के लिए पात्र हैं। लिहाजा संघ ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने ब्लॉकों में 2 साल व 6 माह के प्रशिक्षण के लिए पात्र अध्यापकों की सूची बनाएं। यह सूची जिला कार्यकारिणी को शीघ्र प्रेषित की जाए। इससे जिला कार्यकारिणी समय पर इसे प्रदेश कार्यकारिणी को प्रेषित करके विभाग को सही जानकारी मुहैया करवाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग ने सभी अध्यापकों के प्रशिक्षण के लिए जिला वाइज एनआईओएस प्रशिक्षण केंद्रों का भी चयन कर लिया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारणवश प्रशिक्षण 15 से 20 जुलाई के मध्य शुरू नहीं हो पाता है, तो ब्लॉक अध्यक्षों से गोष्ठी करके चंबा से एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कार्यकारिणी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व विभाग के निदेशक से मिलेगा। इस दौरान नारद, राजेश कुमार, बसंत, महाराज, प्रकाश, रंजीत व सुरिंद्र उपस्थित रहे।