गैहरा (चंबा)। बारिश न होने के कारण किसान खेतों में फसलों की बिजाई नहीं कर पाए हैं। किसान बड़ी बेसब्री से बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं। आसमान पर छाए बादलों को देखकर किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई थी, लेकिन, बादल बिन बरसे ही आसमान से फिर से गायब हो गए है। इस कारण अब किसानों की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। किसानों ने गेहूं, जौ और अन्य फसलों की बिजाई का काम करना है। बारिश के लिए लोग मंदिरों में जाकर मन्नतें मांग रहे हैं। किसानों ज्ञाना चंद, पुरुषोत्तम चंद, राकेश कुमार, प्रेम लाल, संदीप, मनोज, प्रकाशो और अन्य ने बताया कि इस समय बारिश का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभी तक बारिश नहीं हो पाई है। इस वजह से वे खेतों की बिजाई नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश न होने के कारण खेत सूखे हैं। इस बार बारिश नहीं हुई तो उन्हें बिना बिजाई किए ही खेत छोड़ने पड़ेंगे। वहीं, कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. एसएस पठानिया ने बताया कि इस समय बारिश का होना जरूरी है। बारिश होने पर ही खेतों में नमी हो पाएगी। उन्होंने कहा कि नमी होने पर ही फसल की अच्छी पैदावार होगी।