सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत छनूह, भांदल और किलोड़ में शुक्रवार को बीएसएनएल का सिग्नल गुल रहा। इस कारण उपभोक्ता अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिग्नल न होने के कारण उनके मोबाइल भी शो-पीस बने रहे। क्षेत्र में सिग्नल न होने के कारण करीब 3 हजार उपभोक्ता सारा दिन परेशान रहे। उपभोक्ताओं में चैन लाल, प्रेम कुमार, कुलदीप सिंह, सोभिया राम, नंदलाल, हरिराम, दूलोराम, वीरेंद्र, सोनू, विक्कू, लेखराज, चुनी लाल और रमेश कुमार ने कहा कि शुक्रवार को सवारा दिन सिग्नल गुल रहा। इस कारण उपभोक्ता अपनों से संपर्क नहीं कर पाए। वहीं, बीच-बीच में सिग्नल की आंख-मिचौनी का खेल भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि इलाके में लगे टावर अभी तक चालू नहीं हो पाए हैं। इस वजह से भी सिग्नल अकसर गायब रहता है। उन्होंने निगम से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए।