अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। आगामी विस चुनावों को लेकर स्कूलों में खाली चल रहे पदों में अध्यापकों की तैनाती के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को जिम्मेवारी सौंपी है। इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने वीरवार को निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन स्कूलों के अध्यापक चुनावी ड्यूटी में व्यस्त हैं और स्कूल में अध्यापक नहीं है, वहां संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी नजदीकी स्कूलों से स्टाफ की कमी को पूरा करें। ताकि स्कूली छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। खबर की पुष्टि प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलजीत सिंह ने की है। गौरतलब हैै कि जिला के प्रारंभिक कक्षाओं को पढ़ा रहे शिक्षकों की ड्यूूटी आगामी विस चुनावों में लगी है। ऐसे में कई स्कूलों में स्टाफ की कमी हो गई है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने अब व्यवस्था बनाने के लिए खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को नजदीकी स्कूलों से स्टाफ की तैनाती करने के आदेश जारी कर दिए है। ताकि स्कूलों में विस चुनावों के दौरान पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित ना हो।