अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में मौसम ने रविवार दोपहर बाद एक बार फिर करवट बदल ली। इसके चलते समूचा जिला प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया। जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। इससे निचले क्षेत्रों में प्रचंड शीत लहर शुरू हो गई। वहीं, दूसरी ओर 23 जनवरी तक मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में लोगों की परेशानियां बढ़ गई। जानकारी के अनुसार पांगी घाटी चैहणी धार, सुराल भटोरी, हुडान भटोरी, मिंधल धार में हिमपात का क्रम जारी रहा। वहीं दूसरी तरफ भरमौर की ऊंची चोटियां मणिमहेश, कुगति, चौबिया, सुप्पा, बड़ग्रां, तुंदाह, क्वारंसी में हल्का हिमपात हुआ। यहां बीते सप्ताह हुई बर्फबारी के बाद जन जीवन सामान्य नहीं हो पाया है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह हुए हिमपात के बाद अभी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई है, वहीं दूसरी तरफ रविवार से मौसम ने फिर से करवट ले ली है। बर्फबारी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से आह्वान किया है कि खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतें।