चांजू के बेही में पानी के लिए हाहाकार
समस्या जल्द हल करने की मांग
चांजू (चंबा)। ग्राम पंचायत प्राहनवीं के तहत गांव बेही (कोटी) में ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोगों को पीने का पानी लाने के लिए एक किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। लोगों को जिस हैंडपंप से पानी भरना पड़ता है, उसमें दूषित पानी आता है जो न तो पीने के काम आता है और न ही अन्य कार्यों में इस्तेमाल हो पा रहा है। गांव के लिए जिस पेयजल योजना से आपूर्ति होती है, वहां टैंक में तो पानी है लेकिन नल सूखे पडे़ हैं। प्राहनवीं में एक ही टैंक है ओर बेही गांव से टैंक की दूरी सात सौ मीटर है। इसकी वजह से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय निवासी कमलेश, सुवर्ण, हितेश, रूपेश, हेम सिंह, करण, बलदेव, भूपेंद्र, राकेश कुमार, विनोद और पवन का कहना कि पंद्रह दिन से पानी की समस्या चल रही है। कई बार विभाग को अवगत करवाया गया लेकिन मगर अभी तक समस्या का हल नहीं हुआ। लोगों ने जिला प्रशासन और विभाग से मांग कि है कि गांव में पेयजल समस्या का समाधान किया जाए। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गांववासी जिलाधीश को समस्या के बारे में ज्ञापन सौंपेंगे।