सलूणी कॉलेज में इंटरनेट कनेक्शन लगाना भूला बीएसएनएल
आवेदन करने के बावजूद महीनों से नहीं लगाया कनेक्शन, प्रबंधन को झेलनी पड़ रही परेशानियां
विवि शिमला से आने वाली ईमेल और अन्य दिशानिर्देशों को हासिल करने में आ रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय सलूणी में इंटरनेट की सुविधा नहीं होने से कॉलेज प्रबंधन को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। साथ ही इसका खामियाजा विद्यार्थियों को भी चुकाना पड़ रहा है। इंटरनेट की सुविधा न होने के कारण कॉलेज प्रबंधन ऑनलाइन कोई भी काम नहीं कर पा रहा है। कॉलेज के पुराने भवन में इंटरनेट की सुविधा थी। मगर चार माह पहले कॉलेज को नए भवन में स्थानांतरित किया जा चुका है। मगर बीएसएनएल ने अभी तक कॉलेज में इंटरनेट का कनेक्शन नहीं दिया है। इस वजह से विश्वविद्यालय शिमला से छात्रों के लिए नई योजनाओं, दिशानिर्देशों सहित अन्य जरूरी सुझावों की जानकारी कॉलेज प्रबंधन को नहीं मिल पा रही है। हैरानी इस बात की है कि इसके लिए कॉलेज प्रबंधन को सलूणी मुख्यालय जाना पड़ता है। कॉलेज में मौजूदा समय में 200 से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्राचार्य परविंदर कुमार ने बताया कि इंटरनेट के लिए बीएसएनएल विभाग को आवेदन किया गया है। मगर इसके बावजूद बीएसएनएल का इंटरनेट कनेक्शन नहीं लगा है। कर्मचारी कई बार बीएसएनएल विभाग के चक्कर काट चुका है। एसडीएम सलूणी एसके पराशर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। जल्द ही बीएसएनएल विभाग को कॉलेज में इंटरनेट कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए जाएंगे।