तेलका (चंबा)। ढाबे के शटर का ताला तोड़कर अलमारी में रखी 80 हजार की नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। ढाबा संचालक गढ़ जातर मेले में दुकान लगाने के लिए गया था।
जातर मेले से लौटने के बाद ढाबे पर पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत ढाबे में जाकर अलमारी की जांच की तो वहां से 80 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत तेलका पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस चोर को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज का भी सहारा ले सकती है।
जानकारी के अनुसार मौड़ा पंचायत के थलौगा निवासी पृथु राम का तेलका में ढाबा और रिहायशी मकान है। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को वह गढ़ माता जातर मेले में दुकान लगाने गए थे। दो दिन बाद जातर मेले से लौटे। 17 सितंबर को सुबह ढाबे में पहुंचे। जब ढाबा खोलने के लिए आगे बढ़े तो शटर का ताला टूटा था। ढाबे में जाकर देखा तो वहां 12 एमएम का सरिया पड़ा था। इससे शटर का ताला तोड़ा गया था। स्टील की अलमारी का पल्ला भी टूटा था। अलमारी में रखे खादी के बैग में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद भी चोरों ने उड़ा लिए हैं। उन्होंने तुरंत तेलका पुलिस चौकी पहुंच कर मामला दर्ज करवाया। सूचना मिलने के बाद तेलका पुलिस चौकी से पुलिस टीम ने ढाबे में पहुंच कर अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस विभाग के एएसआई अशोक कुमार ने ढाबे में चोरी होने की पुष्टि की है। बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जाएगी।