डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी इन दिनों सूूनी पड़ चुकी है। इक्का-दुक्का सैलानी ही डलहौजी की गलियों में घूमते हुए नजर आ रहे हैं। होटलों में बुकिंग की दर 80 प्रतिशत तक गिर चुकी है। इससे पर्यटन से जुड़े छोटे और बड़े कारोबारियों का धंधा चौपट हो गया है। अब कारोबारियों को बर्फबारी का इंतजार है क्योंकि सैलानी सर्दियों में बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए डलहौजी का रुख करते हैं।
इसलिए सभी कारोबारी आगामी दिनों में यही आस लगाए बैठे हैं कि शायद डलहौजी में बर्फबारी हो जाए। ऐसा होने पर ही यहां सैलानियों की चहलकदमी बढ़ सकती है। होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष करण मोंगा ने बताया कि दो सालों की तुलना में इस बार का पर्यटन सीजन डलहौजी में काफी अच्छा रहा है। कोरोना काल की वजह से दो साल होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को घाटा उठाना पड़ा लेकिन इस बार पर्यटन सीजन बिना कोरोना बंदिशों से गुजरा।
इसके चलते कारोबारियों को काफी मुनाफा भी हुआ। अब सर्दियों में सैलानियों की संख्या डलहौजी और खज्जियार में कम हो चुकी है। बर्फबारी में अठखेलियां करने के लिए सैलानी डलहौजी और खज्जियार में भारी संख्या में पहुंचते हैं। ऐसे में कारोबारियों की उम्मीदें अब बर्फबारी पर टिकी हुई हैं। बर्फबारी होने पर सैलानी डलहौजी में रुकने के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग करवाना शुरू कर सकते हैं।