भरमौर (चंबा)।
पवित्र मणिमहेश यात्रा के पहले ही दिन खराब मौसम ने श्रद्धालुओं के सामने मुश्किलों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। रविवार को दोपहर बाद जारी बारिश और धुंध की वजह से श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को मणिमहेश दर्शन के लिए जाने वाले दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसमें डलहौजी निवासी 55 वर्षीय महिला की सुंदरासी के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने के चलते गिरे पत्थर लगने से मौत हो गई। जबकि, बिलासपुर निवासी 47 वर्षीय एक व्यक्ति की धन्छौ के पास दुनाली नामक स्थान पर दम घुटने से मौत हुई।
दोनों की शवों को रेस्क्यू टीमों ने सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचा रहा है। वही मौसम के तीखे तेवरों ने देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए कठिन चढ़ाई और विपरीत परिस्थितियों में यात्रा पूरी करना मुश्किल रहेगा। हालांकि यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं का जोश देखने लायक था। भोले के जयकारे लगाते हुए यात्री कठिन चढ़ाई चढ़ रहे थे। एडीएम भरमौर पृथी पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कृष्णाष्टमी के अवसर पर रविवार रात आरंभ होने वाली छोटे शाही स्नान में शामिल होने के लिए जा रहे दो लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने शवों को सिविल अस्पताल भरमौर के लिए लाया जा रहा था। खबर लिखे जाने तक मृतकों के शव अस्पताल तक नहीं पहुंच पाए थे।