अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी(चंबा)। सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत भांदल के आसपास दस ट्रांसफार्मर बर्फबारी से बंद हो गए हैं। इससे पूरे इलाके में अंधेरा छाया है। इस वजह से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। बच्चों की परीक्षाएं लगी हैं। ऐसे में उन्हें पढ़ाई करने और परीक्षा के लिए स्कूल तक पहुंचने में परेशानी आ रही है। तुला राम, चैन लाल, बिहारी लाल, कर्म चंद, हंसराज, लेखराज, प्रकाश चंद, राजकुमार, बलदेव सिंह और दीवान चंद ने बताया कि एक फीट बर्फबारी होने से क्षेत्र में बिजली गुल है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार को वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल नवंबर माह के अंतिम सप्ताह तक आयोजित करने चाहिए ताकि दिसंबर में मौसम खराब होने के बाद छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।