चंबा के पांगी में बर्फबारी के बाद बर्फ से अटी गाड़ियां।संवाद
चंबा। जिला में बर्फबारी और बारिश होने से लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्र पांगी अभी तक 66 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इस कारण दर्जनों गांव पिछले कई दिनों से अंधेरे में डूबे हुए हैं। लोगों को सर्दी की ठंडी रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं। बिजली बोर्ड क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरूस्त करने में जुटा हुआ है। लेकिन बार-बार बर्फबारी होने से लाइनें बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
रविवार को जिला चंबा में 29 मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। हालांकि शनिवार तक बंद मार्गों की संख्या 40 थी। इसमें 11 मार्गों पर रविवार को लोक निर्माण विभाग ने आवाजाही शुरू करवा दी है। बंद पड़े मार्ग ज्यादातर पांगी और भरमौर से संबंधित हैं। जहां पर बर्फबारी होने से जन जीवन अस्त व्यस्त है। बार-बार जिला में मौसम के बदलते तेवरों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जनजातीय क्षेत्र पांगी में रविवार को मौसम साफ रहा। इसके चलते लोगों ने घरों से बाहर निकलकर बर्फ के बीच में धूप का आनंद उठाया। हालांकि पिछले दो दिनों से पांगी में बर्फबारी का दौर जारी था। पांगी में बिजली आपूर्ति बंद पड़ी होने से अधिकांश जगहों पर दो दिनों से अंधेरे में ही सर्द रातें काटने को ग्रामीण विवश हैं।
उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण पांगी और भरमौर में सड़क और बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। इसकी बहाली को लेकर प्रशासन ने विभागों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं।