मांगें मनवाने पर अड़े ग्रामीण डाक सेवक
शुक्रवार को हड़ताल चौथे दिन में प्रवेश
चंबा। मांगों को लेकर अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रामीण डाक सेवक मंडल चंबा की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। ग्रामीण डाक सेवकों ने बताया कि पेंशन और स्टेटस की मांग काफी पुरानी चल रही है लेकिन केंद्र सरकार ने उनकी मांग को अब तक पूरा नहीं किया है। संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाएंगी, तब तक वे आंदोलनरत रहेंगे। हड़ताल में चौथे दिन जुटे ग्रामीण डाक सेवक चमन सिंह, ओम प्रकाश, सुभाष कुमार, मनोहर लाल, मदन लाल, परस राम, प्रेम सिंह आदि का कहना है कि ग्रामीण डाक सेवक ईमानदारी से सेवाएं देते हैं लेकिन सरकार ने उनका उत्थान करने के बजाय शोषण किया है। उन्होंने कहा कि विभाग के निर्देशानुसार वे हरेक कार्य करते हैं लेकिन जब उनकी मांगों को पूरी करने का वक्त आता है तो केंद्र सरकार अपने हाथ पीछे कर लेती है। उन्होंने कहा कि संघ की मांगों और पेंशन के लिए सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही हे। संघ ने साफ कहा है कि केंद्रीय यूनियन किसी आश्वासन पर हड़ताल न रोके। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इस मौके पर समस्त ग्रामीण डाक सेवक मौजूद रहे।